
पारदर्शी विकास ब्यूरो रामकोला (कुशीनगर)। कुशीनगर जिले के रामकोला स्थित विश्वकर्मा हिंदुस्तान पेट्रोल पंप पर कथित घटतौली का मामला सामने आया है। रामकोला निवासी एक कार चालक ने आरोप लगाया है कि उनकी 37 लीटर क्षमता वाली कार के फ्यूल टैंक में 42 लीटर पेट्रोल भर दिया गया। शिकायतकर्ता ने ऑनलाइन भुगतान की रसीद और पक्के बिल के साथ जिला पूर्ति अधिकारी से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।रामकोला निवासी रूपेश पाण्डेय ने बताया कि वह घर लौट रहे थे, तभी उनकी कार में कम ईंधन का संकेत मिला। कार के डिस्प्ले पर लगभग 58 किलोमीटर तक चलने लायक पेट्रोल शेष दिख रहा था। इसके बाद उन्होंने रामकोला स्थित विश्वकर्मा हिंदुस्तान पेट्रोल पंप पर अपनी कार का टैंक फुल कराने के लिए कहा।रूपेश का आरोप है कि उनकी कार की कंपनी द्वारा निर्धारित फ्यूल टैंक क्षमता 37 लीटर है, लेकिन पेट्रोल पंप पर 42 लीटर पेट्रोल भर दिया गया। उन्हें इस पर संदेह हुआ तो उन्होंने आपत्ति जताई। उनका कहना है कि पेट्रोल पंप प्रबंधन ने 42 लीटर से अधिक पेट्रोल भरने का पक्का बिल भी उपलब्ध कराया।इस संबंध में हुंडई एजेंसी के मैनेजर विपिन कुमार राव ने बताया कि संबंधित मॉडल की फ्यूल टैंक क्षमता 37 लीटर है। हालांकि, फिलर पाइप (फिलर नेक) सहित अन्य हिस्सों में लगभग 4 से 5 लीटर अतिरिक्त ईंधन समा सकता है।वहीं, पेट्रोल पंप संचालक प्रेम शर्मा ने सभी आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि उनके पेट्रोल पंप के मीटर और ईंधन वितरण प्रणाली में किसी प्रकार की कोई गड़बड़ी नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कई ग्राहक टैंक फुल होने के बाद भी फिलर नेक तक पेट्रोल भरवाते हैं, जिससे कुल भरी गई मात्रा सामान्य क्षमता से अधिक दिखाई दे सकती है।उधर, जिला पूर्ति अधिकारी कृष्ण गोपाल पाण्डेय ने बताया कि शिकायत प्राप्त होने के बाद क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के सेल्स ऑफिसर को संयुक्त जांच के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल यह मामला जांच के अधीन है और घटतौली के आरोपों की पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।