
PARDARSHI VIKASH NEWS नगर लखना में रविवार रात से सोमवार सुबह तक 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन में खराबी के चलते करीब 11 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। दो अलग-अलग स्थानों पर तार टूटने से नगरवासियों को भीषण गर्मी में परेशानी का सामना करना पड़ा।रविवार रात करीब 10 बजे चकरनगर मार्ग स्थित दुबे ईंट भट्टा के पास 11 हजार वोल्ट की लाइन का तार टूट गया। बिजली विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद रात 2 बजे आपूर्ति बहाल की। लेकिन कुछ ही देर बाद रात करीब 3:30 बजे कालिका मुहाल में फिर से 11 हजार वोल्ट का तार टूट गया, जिससे दोबारा बिजली गुल हो गई।नगर में सुबह करीब 9 बजे तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। इसके बाद भी बिजली की आंख-मिचौनी जारी रही। स्थानीय लोगों ने विद्युत व्यवस्था पर नाराजगी जताई।भाजपा नेता जयनाथ वर्मा ने विभागीय अधिकारियों से प्रशिक्षित लाइनमैनों की तैनाती की मांग की। उन्होंने कहा कि रात में बिजली फॉल्ट ठीक करने में अधिक समय लगने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है।अवर अभियंता रामसेवक ने बताया कि एक स्थान पर फॉल्ट ठीक करने के बाद दूसरे स्थान पर तार टूटने की जानकारी मिली थी, जिसके कारण समय लग गया। उन्होंने कहा कि टीम लगातार व्यवस्था सुधारने में लगी रहती है।