
पारदर्शी विकास न्यूज़ ललितपुर। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के झांसी मंडल के मुख्य मंडल प्रभारी नौशाद अली ने जिला बसपा कार्यालय में पदाधिकारियों की संयुक्त बैठक लेकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती के निर्देशों का हवाला देते हुए आगामी 15 दिनों के भीतर सभी बूथ कमेटियों का गठन पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में संगठन विस्तार, जनसंपर्क अभियान और आर्थिक सहयोग अभियान की समीक्षा की गई। नौशाद अली ने कहा कि प्रत्येक बूथ पर नियमित बैठकें आयोजित कर कार्यकर्ताओं और समर्थकों से संपर्क बढ़ाया जाए तथा संगठन को मजबूत करने के लिए आर्थिक सहयोग भी जुटाया जाए। उन्होंने कहा कि बसपा अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों के सहयोग से संचालित होने वाली पार्टी है और संगठन की मजबूती ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है।उन्होंने कहा कि पार्टी गरीबों, मजदूरों, दलितों, पिछड़ों और वंचित वर्ग के अधिकारों के लिए कार्य करती रही है। बैठक में वक्ताओं ने प्रदेश सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए बेरोजगारी, कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार और अन्य जन मुद्दों पर चर्चा की। साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर सक्रिय होकर संगठन को मजबूत करने और जनसंपर्क बढ़ाने का आह्वान किया।बैठक में झांसी मंडल एवं ललितपुर जिले के अनेक पदाधिकारी, विधानसभा प्रभारी और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।