
PARDARSHI VIKASH NEWS मथुरा के फरह थाने में तैनात वरिष्ठ उपनिरीक्षक महिपाल सिंह मंगलवार को सेवानिवृत्त हो गए। उनके सम्मान में आयोजित विदाई समारोह में थाना स्टाफ, क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, शुभचिंतक और परिजन बड़ी संख्या में मौजूद रहे। समारोह के दौरान महिपाल सिंह पर 151 किलो फूल बरसाकर उन्हें यादगार विदाई दी गई। ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच उन्हें फूल-मालाएं पहनाकर सम्मानित किया गया और उनके लंबे सेवाकाल की सराहना की गई। वक्ताओं ने उनके मिलनसार स्वभाव, कर्तव्यनिष्ठा और निष्पक्ष कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने अपने सेवा काल में पुलिस विभाग की गरिमा को बढ़ाया। समारोह में उनके पूर्व सहयोगियों और परिचितों ने भी पहुंचकर उन्हें शुभकामनाएं दीं और स्वस्थ, सुखद एवं सफल जीवन की कामना की। विदाई के दौरान भावुक माहौल देखने को मिला और सभी ने उनके योगदान को याद करते हुए सम्मानपूर्वक उन्हें नई पारी के लिए शुभकामनाएं दीं।