
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। राष्ट्रीय एकता, पर्यावरण संरक्षण, नशा मुक्त भारत और युवाओं को खेलों से जोड़ने का संदेश लेकर अंतरराष्ट्रीय पहचान बना चुके साइकिलिस्ट एवं सामाजिक कार्यकर्ता सोमेन देबनाथ शनिवार को कानपुर पहुंचे। उन्होंने पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल से मुलाकात कर अपने राष्ट्रव्यापी अभियान और सामाजिक जागरूकता के प्रयासों की जानकारी दी। सोमेन देबनाथ अपने सालभर चलने वाले साइकिल अभियान ‘रीयूनियन भारत-वन ट्री, वन लाइफ, इंडियन यूथ एंड स्पोर्ट्स’ के तहत देशभर की यात्रा कर रहे हैं। इस अभियान में वह सभी 28 राज्यों और पांच केंद्र शासित प्रदेशों को साइकिल से कवर करेंगे। उनका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, राष्ट्रीय एकता, युवाओं के सशक्तीकरण और खेलों को बढ़ावा देना है।सोमेन देबनाथ ने बताया कि वह इससे पहले 19 वर्षों में 191 देशों की साइकिल यात्रा कर चुके हैं। इस दौरान उन्होंने कई कठिन परिस्थितियों का सामना किया। उनके मुताबिक, अफगानिस्तान में तालिबान ने उन्हें 24 दिनों तक बंधक बनाकर रखा। यात्रा के दौरान उन पर कई बार नस्लीय हमले हुए, 28 बार उन्हें लूटा गया और तीन बार उनकी साइकिल चोरी हुई। उन्होंने बताया कि वर्तमान यात्रा की शुरुआत कश्मीर से की है। कानपुर के बाद वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करने के लिए लखनऊ रवाना हुए। अपने अभियान के जरिए वह लोगों को ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना से जोड़ने और प्रकृति के संरक्षण के प्रति जागरूक करने का प्रयास कर रहे हैं।