
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। बारिश के मौसम में पशुओं को बीमारियों से बचाव के लिए पशु चिकित्सा विभाग की ओर 22जुलाई से वृहद टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा।मुख्य पशु चिकित्साधिकारी अमेठी डॉ. जी.के. शुक्ला ने जनपद के समस्त पशुपालकों एवं किसान भाइयों से अपील करते हुए बताया कि राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम (NADCP) के अंतर्गत खुरपका-मुंहपका (FMD) टीकाकरण अभियान-2026 का 8वां चरण दिनांक 22 जुलाई 2026 से 4 सितम्बर 2026 तक संचालित किया जाएगा। अभियान के दौरान जनपद के सभी गोवंशीय एवं महिषवंशीय पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि खुरपका-मुंहपका (FMD) एक अत्यंत संक्रामक वायरल रोग है, जो गाय, भैंस, बकरी, भेड़ एवं अन्य खुरदार पशुओं को प्रभावित करता है। इस रोग के कारण पशुओं के मुंह, जीभ, होंठ तथा खुरों में छाले एवं घाव हो जाते हैं, जिससे पशु चारा कम खाने लगते हैं, दूध उत्पादन में कमी आती है तथा पशुपालकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने कहा कि प्रदेश एवं देश को FMD मुक्त बनाने के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सभी पशुपालकों का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने पशुपालकों से आग्रह किया कि वे अपने सभी गोवंशीय, भैंसवंशीय एवं अन्य खुरदार पशुओं को निर्धारित तिथि पर टीका अवश्य लगवाएं। टीकाकरण पूर्णतः सुरक्षित एवं निःशुल्क है तथा इससे पशु खुरपका-मुंहपका जैसी जानलेवा बीमारी से सुरक्षित रहते हैं। डॉ. शुक्ला ने बताया कि समय पर टीकाकरण कराने से पशुओं का स्वास्थ्य बेहतर रहता है, दूध उत्पादन एवं उत्पादकता में वृद्धि होती है, मृत्यु दर में कमी आती है तथा पशुपालकों को आर्थिक हानि से बचाव मिलता है। स्वस्थ पशु ही समृद्ध किसान और विकसित राष्ट्र की आधारशिला हैं। उन्होंने पशुपालकों को सलाह दी कि यदि किसी पशु में मुंह या खुरों में छाले, अत्यधिक लार टपकना, बुखार, कमजोरी अथवा चलने-फिरने में कठिनाई जैसे लक्षण दिखाई दें तो तत्काल निकटतम पशु चिकित्सालय या पशु चिकित्साधिकारी से संपर्क करें। संक्रमित पशु को अन्य स्वस्थ पशुओं से अलग रखें तथा पशुशाला की नियमित साफ-सफाई एवं कीटाणुशोधन कराएं। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए विभागीय टीमें गांव-गांव जाकर पशुओं का टीकाकरण करेंगी। उन्होंने सभी ग्राम प्रधानों, जनप्रतिनिधियों तथा पशुपालकों से अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि “आज टीका, कल सुरक्षा” के संकल्प के साथ अपने पशुओं का टीकाकरण अवश्य कराएं और जनपद अमेठी को खुरपका-मुंहपका रोग मुक्त बनाने में योगदान दें। अधिक जानकारी के लिए पशुपालक अपने निकटतम पशु चिकित्सालय अथवा पशुपालन विभाग के हेल्पलाइन नंबर 18001805141 पर संपर्क कर सकते हैं।
नहीं दूर हुआ स्टाफ का संकट,पैरावेट के सहारे चलेगा टीकाकरण अभियान
जिले में वर्तमान समय में सृजित पदों की संख्या के अनुसार पशु चिकित्सालयों में स्टाफ तैनात नहीं है।13चिकित्सक,14पशुधन प्रसार अधिकारी और केवल एक फार्मासिस्ट ही तैनात हैं।सौ पैरावेट हैं।पशु गणना के अनुसार पशुओं की संख्या चार लाख के आसपास है। राष्ट्रीय पशु टीकाकरण कार्यक्रम के अन्तर्गत 22जुलाई से टीकाकरण के लिए एफ एम डी वैक्सीन 399250उपलब्ध है। टीकाकरण अभियान 22जुलाई से शुरू होगा और आठ सितंबर तक चलेगा।
पशुपालकों को टीकाकरण कार्यक्रम के विषय में जानकारी दी जा रही है। अभियान का व्यापक प्रचार प्रसार किया जा रहा है।जो भी स्टाफ उपलब्ध है,सबकी ड्यूटी बांटकर पैरावेटों के सहयोग से पशुओं को टीके लगाए जायेंगे।
डा गोपाल कृष्ण शुक्ल मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, अमेठी