
ललित कुमार/सुनील कुमार
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। बारिश के मौसम में पशुओं को खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) जैसी संक्रामक बीमारी से बचाने के लिए पशुपालन विभाग 22 जुलाई से जनपद में विशेष टीकाकरण अभियान शुरू करेगा। अभियान के तहत गोवंशीय और महिषवंशीय पशुओं का घर-घर जाकर निःशुल्क टीकाकरण किया जाएगा। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. जी.के. शुक्ला ने बताया कि खुरपका-मुंहपका एक अत्यंत संक्रामक रोग है, जो गाय, भैंस, बैल, बछड़े सहित अन्य खुर वाले पशुओं में तेजी से फैलता है। इस बीमारी से दूध उत्पादन में कमी, पशुओं की कार्यक्षमता घटने और पशुपालकों को आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ता है।उन्होंने बताया कि तेज बुखार, मुंह और खुरों में छाले, अत्यधिक लार गिरना, लंगड़ाकर चलना और चारा-पानी छोड़ देना इसके प्रमुख लक्षण हैं। ऐसे में समय पर टीकाकरण ही सबसे प्रभावी बचाव है।अभियान के दौरान प्रत्येक पशु के कान में ईयर टैग लगाया जाएगा और उसका भारत पशुधन ऐप पर पंजीकरण किया जाएगा, जिससे पशुओं का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार होगा और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा मिलेगी।मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने पशुपालकों से अपील की कि वे 22 जुलाई से शुरू होने वाले अभियान में अपने सभी पात्र पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण कराएं तथा पशुशालाओं की साफ-सफाई और जैव सुरक्षा उपायों का पालन करते हुए जनपद को खुरपका-मुंहपका मुक्त बनाने में सहयोग करें।