
पारदर्शी विकास ब्यूरो
कुशीनगर। जनपद के चौराखास थाना क्षेत्र में कलेक्शन एजेंट से हुई लूट की घटना का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सफल अनावरण करते हुए पूरे मामले का सनसनीखेज खुलासा कर दिया। जांच में सामने आया कि लूट की वारदात कोई बाहरी अपराध नहीं, बल्कि स्वयं कलेक्शन एजेंट द्वारा अपने रिश्तेदार और अन्य साथियों के साथ मिलकर रची गई साजिश थी। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूट के 1.40 लाख रुपये, एक मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार 6 जुलाई 2026 की शाम करीब 5:35 बजे बाढ़ू चौराहा (दर्जिया) के पास दो व्यक्तियों के साथ मारपीट कर 1.50 लाख रुपये और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन लूटे जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही थाना चौराखास पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू करते हुए मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी तमकुहीराज जयंत यादव के नेतृत्व में गठित पुलिस एवं स्वाट टीम ने लगातार छापेमारी कर 24 घंटे के भीतर घटना का खुलासा कर दिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि कलेक्शन एजेंट विपिन तुरहा एक व्यापारी के यहां बकाया वसूली का कार्य करता था। उसने अपने रिश्तेदार वीरेंद्र कुमार शाह उर्फ जगुआर के साथ मिलकर योजना बनाई कि वसूली की रकम रास्ते में नकली लूट दिखाकर हड़प ली जाएगी। तय योजना के अनुसार घटना वाले दिन विपिन लगातार व्हाट्सएप के माध्यम से अपनी लोकेशन आरोपियों को भेजता रहा। इसके बाद बाढ़ू चौराहा के पास पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने हमला कर लूट की घटना को अंजाम दिया।
हालांकि वारदात के दौरान स्थिति उस समय बदल गई जब विपिन तुरहा द्वारा मारपीट के दौरान शहनवाज अंसारी को घूंसा मार दिया गया। इससे नाराज होकर शहनवाज ने विपिन की जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसका इलाज चल रहा है। पुलिस का कहना है कि साजिश में शामिल विपिन तुरहा और एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अफजल अंसारी, शहनवाज अंसारी, वीरेंद्र कुमार शाह उर्फ जगुआर तथा नीरज यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से लूट के 1.40 लाख रुपये, एक मोबाइल फोन, बजाज सीटी-100 और बिना नंबर प्लेट की अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस का कहना है कि मामले में शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।