
पारदर्शी विकास न्यूज़ उन्नाव। हर घर तिरंगा अभियान के तहत पुरवा विधानसभा क्षेत्र में बुधवार को करीब 35 किलोमीटर से अधिक लंबी भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। भाजपा विधायक अनिल सिंह के नेतृत्व में आयोजित यात्रा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया। पूरे क्षेत्र में देशभक्ति का माहौल नजर आया।तिरंगा यात्रा की शुरुआत असोहा ब्लॉक मुख्यालय से हुई। बाइक सवार कार्यकर्ताओं के साथ यात्रा कालूखेड़ा और कंचनपुर होते हुए मौरावां पहुंची। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं ने यात्रा का स्वागत किया। लोगों ने तिरंगा लहराकर देशभक्ति के नारों के साथ उत्साह बढ़ाया।मौरावां कस्बे में यात्रा का स्वरूप पैदल जुलूस में बदल गया। विधायक अनिल सिंह और चेयरमैन कुंवर विवेक सेठ हाथों में तिरंगा लेकर कार्यकर्ताओं के साथ आगे बढ़े। इस दौरान विधायक की पत्नी कल्पना सिंह और चेयरमैन की पत्नी पल्लवी सेठ भी यात्रा में मौजूद रहीं।यात्रा के दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। बड़ी संख्या में लोगों ने अपने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देश के प्रति सम्मान और एकजुटता का संदेश दिया।विधायक अनिल सिंह ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। यात्रा का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करना और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करना है।यात्रा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम किए गए। पुलिस बल पूरे मार्ग पर तैनात रहा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की गई।

तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक है। इस यात्रा का उद्देश्य लोगों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और भाईचारे की भावना को मजबूत करना है। पुरवा विधानसभा क्षेत्र में 35 किलोमीटर से अधिक लंबी यात्रा में जिस उत्साह के साथ कार्यकर्ताओं और आम लोगों ने भाग लिया, वह बेहद उत्साहजनक है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर पर तिरंगा फहराकर देश के वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करना चाहिए। युवाओं की बढ़-चढ़कर भागीदारी यह दर्शाती है कि नई पीढ़ी राष्ट्रहित के प्रति पूरी तरह जागरूक और समर्पित है। -भाजपा विधायक अनिल सिंह