
पारदर्शी विकास न्यूज़ वाराणसी। वेमुरी श्रीरामचंद्र मूर्ति कुसुम्बा मेमोरियल ट्रस्ट की ओर से छात्र-छात्राओं को शैक्षिक सहयोग प्रदान करने के उद्देश्य से छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। ट्रस्ट ने पांडे हवेली स्थित बंगाली टोला इंटर कॉलेज के 20 छात्रों तथा सोनारपुर स्थित दुर्गा चरण गर्ल्स इंटर कॉलेज की 20 छात्राओं को एक वर्ष का अनुदान देने का निर्णय लिया है।इसी क्रम में ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी वी.वी. सुंदर शास्त्री, ट्रस्टी वी.वी. सीताराम, वीवीएसपी गणेश, पी.वी. रमन शर्मा, संदीप कुमार, अभिषेक जायसवाल, अनुपम भट्टाचार्य, भूपेंद्र सिंह गिल और मुन्ना यादव सहित अन्य लोगों ने दोनों विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को अनुदान के चेक प्रदान किए।बंगाली टोला इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य बृजेश मणि पांडेय तथा दुर्गा चरण गर्ल्स इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या पद्मजा शर्मा ने ट्रस्ट के इस प्रयास के लिए आभार जताया।इस अवसर पर वी.वी. सुंदर शास्त्री ने छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि चयनित विद्यार्थियों में जो छात्र-छात्रा सर्वाधिक अंक प्राप्त करेगा, उसे ट्रस्ट की ओर से विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने और बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया।ट्रस्ट पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विद्यालय प्रबंधन को सहयोग का अवसर देने के लिए धन्यवाद दिया।