news-details

40 सवालों की जनगणना, घर-घर पहुंचेगा सरकारी अमला!

You can share this post!

पारदर्शी विकास न्यूज़, कानपुर। जनगणना 2027 को लेकर जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि इस बार पहली बार डिजिटल माध्यम से जनगणना की प्रक्रिया संचालित की जा रही है। लोग 16 से 30 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन स्वगणना कर सकेंगे। इसके बाद एक दिसंबर से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या की गणना करेंगे। इस कार्य में 10,467 प्रगणक और सुपरवाइजर लगाए जाएंगे।स्वगणना के लिए परिवार के सदस्य se.census.gov.in पोर्टल पर जानकारी दर्ज कर सकेंगे। विवरण जमा करने के बाद मिलने वाली विशिष्ट पहचान संख्या प्रगणक को देनी होगी, जिससे जानकारी का सत्यापन किया जा सके। ऑनलाइन स्वगणना अनिवार्य नहीं है। जो परिवार यह प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाएंगे, उनकी जानकारी प्रगणक घर जाकर दर्ज करेंगे।प्रश्नावली में कुल 40 सवाल होंगे। इनमें नाम, आयु, लिंग, जन्मस्थान, वैवाहिक स्थिति, धर्म, मातृभाषा, शिक्षा, रोजगार, आजीविका, प्रवासन और दिव्यांगता सहित अन्य निर्धारित जानकारियां शामिल हैं। मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का पहला चरण 22 मई से 20 जून 2026 तक पूरा हो चुका है। पांच से नौ जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण किया जाएगा।डीएम ने बताया कि व्यक्तिगत जानकारी गोपनीय रहेगी। उन्होंने लोगों से सही विवरण देने और बैंकिंग पासवर्ड, एटीएम पिन, यूपीआई पिन या ओटीपी किसी से साझा न करने की अपील की। शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 1855 और व्हाट्सऐप चैटबॉट नंबर 18001801855 जारी किए गए हैं।