
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी/जायस। गांधी नगर बाजार के समीप रेलवे क्रॉसिंग पर करीब दो वर्षों से लंबित रेलवे अंडरपास निर्माण को लेकर स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों की समस्याओं को देखते हुए सांसद किशोरी लाल शर्मा, जिला अध्यक्ष प्रदीप सिंघल और वरिष्ठ नेता अनुराग सिंह ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से संवाद किया।ग्रामीणों ने बताया कि रेलवे क्रॉसिंग के कारण आवागमन में काफी दिक्कत होती है और लोगों को रोजाना समय की बर्बादी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने अंडरपास निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने की मांग सांसद के सामने रखी।सांसद किशोरी लाल शर्मा ने समस्याओं को गंभीरता से सुनने के बाद मौके पर ही संबंधित रेलवे अधिकारियों से वार्ता की। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़ी इस समस्या का जल्द समाधान कराने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। सांसद ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि वह शीघ्र ही रेल मंत्री से वार्ता कर अंडरपास निर्माण में तेजी लाने का प्रयास करेंगे।सांसद के आश्वासन से ग्रामीणों में उम्मीद जगी। इस दौरान प्रधान बनी गुलाम वारिस, लाल चंद्र बरनवाल, जगतपाल पासी, राजकुमार मौर्य, हनुमान तिवारी, दिनेश सिंह और जितेंद्र कुमार शर्मा मौजूद रहे।