
पारदर्शी विकास न्यूज़ ललितपुर। शहर के वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक समर्पित सीनियर सिटीजन क्लब की स्थापना की मांग को लेकर मानव सुरक्षा एवं कल्याण समिति उत्तर प्रदेश ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। समिति ने शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थल आजाद उद्यान पार्क में क्लब स्थापित कर वरिष्ठ नागरिकों के बैठने, स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों और सामाजिक मेलजोल के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। समिति के अध्यक्ष अशोक स्वर्णकार एवं महासचिव जयशंकर प्रसाद द्विवेदी के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि आजाद उद्यान पार्क में प्रतिदिन बड़ी संख्या में बुजुर्ग सुबह-शाम टहलने, व्यायाम और स्वास्थ्य लाभ के लिए पहुंचते हैं। इसके बावजूद पार्क में वरिष्ठ नागरिकों के बैठने, विचार-विमर्श करने और सामूहिक गतिविधियां संचालित करने के लिए कोई समर्पित स्थान उपलब्ध नहीं है। ऐसे में एक सीनियर सिटीजन क्लब की स्थापना समय की आवश्यकता है। समिति ने कहा कि क्लब बनने से वरिष्ठ नागरिकों को सामाजिक मेलजोल बढ़ाने का अवसर मिलेगा, जिससे वे अकेलेपन और मानसिक तनाव जैसी समस्याओं से काफी हद तक राहत पा सकेंगे। साथ ही योग, प्राणायाम एवं हल्के व्यायाम जैसी स्वास्थ्यवर्धक गतिविधियों का नियमित आयोजन किया जा सकेगा। क्लब परिसर में बैठने की समुचित व्यवस्था, छायादार स्थान, शुद्ध पेयजल और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी मांग की गई है। ज्ञापन में समिति ने प्रशासन को भरोसा दिलाया कि क्लब के निर्माण के बाद उसके संचालन, साफ-सफाई, रखरखाव और अनुशासन बनाए रखने में समिति पूर्ण सहयोग करेगी।