
अमेठी/नई दिल्ली। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद ने सोमवार को सहारनपुर में आयोजित जनसभा में भाजपा, सपा और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सपा को भाजपा की बी-टीम बताते हुए कहा कि भाजपा और सपा दोनों की सरकारों में प्रदेश की जनता ने जंगलराज देखा है। उन्होंने अखिलेश यादव की राजनीति की दिशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि कभी पीडीए में पंडितों तो कभी पिछड़ों की बात की जाती है। आकाश आनंद ने कहा कि सरकार युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के बजाय मुफ्त राशन पर निर्भर रख रही है, जबकि उन्हें 10 हजार रुपये के राशन से बेहतर 30 हजार रुपये महीने का रोजगार चाहिए। उन्होंने एआई के बढ़ते प्रभाव से रोजगार पर पड़ने वाले असर का उल्लेख करते हुए सवाल किया कि केंद्र और प्रदेश सरकार अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और पिछड़े वर्ग के युवाओं को तकनीकी शिक्षा एवं एआई प्रशिक्षण देने के लिए क्या कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में 25 हजार सरकारी स्कूल बंद किए गए हैं और डेढ़ लाख से अधिक शिक्षकों की भर्ती लंबित है, जिससे गरीब और वंचित वर्ग के बच्चों की शिक्षा प्रभावित हो रही है। कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने हत्या के मामलों में उत्तर प्रदेश की स्थिति को लेकर सरकार को घेरा। साथ ही दावा किया कि पिछले दस वर्षों में सरकार ने विज्ञापनों पर सात हजार करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए, जबकि युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं। उन्होंने सपा और कांग्रेस पर संविधान के नाम पर बहुजन समाज से वोट लेने तथा समाज के हितों के लिए अपेक्षित काम नहीं करने का आरोप लगाया। अखिलेश यादव की चौधरी चरण सिंह के परिवार पर टिप्पणी को भी उन्होंने दुर्भाग्यपूर्ण बताया।