
पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर। उत्तर प्रदेश आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक सहित संबंधित अधिकारियों ने परीक्षा तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।जिलाधिकारी ने जनपद के पांच परीक्षा केंद्रों पर होने वाली परीक्षा के सफल संचालन के लिए सभी अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा जैसी संवेदनशील प्रक्रिया में छोटी सी लापरवाही भी बड़ी समस्या बन सकती है, इसलिए ड्यूटी आवंटन, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा, वितरण और संकलन की पूरी प्रक्रिया पर विशेष निगरानी रखी जाए।उन्होंने स्पष्ट किया कि पेपर लीक या नकल की किसी भी संभावना को समाप्त करने के लिए हर स्तर पर कड़ी निगरानी जरूरी है। आधुनिक तकनीकों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के माध्यम से नकल के बढ़ते मामलों को देखते हुए अधिकारियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी कार्मिकों को अधिक स्मार्ट और सजग होकर जिम्मेदारियों का निर्वहन करना होगा।भीषण गर्मी को देखते हुए जिलाधिकारी ने प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा एम्बुलेंस और चिकित्सकीय टीम की अनिवार्य तैनाती के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि एक पाली में 2112 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे, जबकि पूरे परीक्षा कार्यक्रम में लगभग 12 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप देने के लिए 6 जून 2026 को रिहर्सल भी कराया जाएगा।पुलिस अधीक्षक कुशेश्वर कुमार ने कहा कि बदलते समय में नकल के तरीके भी लगातार बदल रहे हैं, इसलिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अलर्ट मोड में कार्य करना होगा।