news-details

आधी रात सड़कों का निरीक्षण करने निकले डीएम

You can share this post!

दीपावली से पहले काम पूरा करने के निर्देश

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने आधी रात नगर आयुक्त और सीडीओ के साथ शहर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सीएम ग्रिड के तहत चल रहे सड़क निर्माण कार्यों की प्रगति और रात में हो रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया। डीएम ने दीपावली से पहले अधिक से अधिक सड़क निर्माण कार्य पूरे कराने और खराब स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।निरीक्षण की शुरुआत जाजमऊ स्थित तेल मिल के पास बने पीसीटीएस से हुई। यहां प्रतिदिन करीब 13 मीट्रिक टन कूड़ा पहुंच रहा है। अधिकारियों ने कूड़ा संग्रह और परिवहन व्यवस्था की जानकारी दी। डीएम ने सफाई व्यवस्था को नियमित बनाए रखने के निर्देश दिए।इसके बाद अधिकारियों ने केडीए चौराहे और लाल बंगला क्षेत्र में सीएम ग्रिड के तहत चल रहे सड़क निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। प्रशासन के अनुसार, परियोजना के पहले चरण में करीब 16 किलोमीटर और दूसरे चरण में लगभग 13 किलोमीटर सड़क पर काम कराया जा रहा है। डीएम ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता और यातायात व्यवस्था का ध्यान रखने को कहा।जाजमऊ में निरीक्षण के दौरान डीएम ने कूड़ा अड्डों की स्थिति भी देखी। उन्होंने जोनल स्वच्छता अधिकारी को नियमित कूड़ा उठाने और उसे नजदीकी पीसीटीएस तक पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क किनारे बने कूड़ा अड्डों को व्यवस्थित करने और लोगों को निर्धारित स्थान पर कूड़ा डालने के लिए जागरूक करने को कहा।डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दीपावली से पहले अधिक से अधिक सड़क निर्माण कार्य पूरे किए जाएं। स्ट्रीट लाइटों को भी ठीक कराया जाए, ताकि त्योहार के दौरान लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।