
पारदर्शी विकास न्यूज़ सुलतानपुर। उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम (UPCOS) के शुभारम्भ के अवसर पर बुधवार को पं. राम नरेश त्रिपाठी सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी, विशिष्ट अतिथि उत्तर प्रदेश सहकारी बैंक के अध्यक्ष योगेन्द्र प्रताप सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल, जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, आउटसोर्स कर्मी और जनसामान्य मौजूद रहे।कार्यक्रम का शुभारम्भ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। अधिशासी अधिकारी नगर पालिका ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। सभागार में लखनऊ से मुख्यमंत्री द्वारा यूपी आउटसोर्स सेवा निगम के शुभारम्भ कार्यक्रम का एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सजीव प्रसारण किया गया। उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री का संबोधन भी सुना।मुख्य अतिथि सुशील त्रिपाठी ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं, महिलाओं, श्रमिकों और सभी वर्गों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। UPCOS की स्थापना आउटसोर्स व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे योग्य अभ्यर्थियों को रोजगार के बेहतर अवसर मिलने के साथ भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता मजबूत होगी। उन्होंने सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी और रोजगारपरक योजनाओं की जानकारी भी दी।