
पारदर्शी विकास न्यूज़ बांदा। अजीत कुमार, आयुक्त, चित्रकूटधाम मण्डल, बाँदा द्वारा विभिन्न समाचार पत्रों में प्रकाशित जनहित से जुड़ी खबरों का गंभीर संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है। साथ ही जनसुविधाओं से संबंधित व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार सुनिश्चित करते हुए विस्तृत आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिये गये हैं। आयुक्त ने जनपद चित्रकूट की तहसील मानिकपुर अंतर्गत ऐचवारा उपकेंद्र (हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर) में आयोजित आरोग्य मेला के संबंध में प्रकाशित समाचार ’ऐचवारा में नहीं पहुंचे डॉक्टर, मरीज की रही कतार’ को गंभीरता से लेते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी, चित्रकूट से स्पष्टीकरण तलब किया है। समाचार में उल्लेखित तथ्य के अनुसार आरोग्य मेला के दौरान अधिकांश चिकित्सकीय कार्मिक अनुपस्थित रहे, जिसके कारण मरीजों का उपचार फार्मासिस्ट एवं पैरामेडिकल स्टाफ के भरोसे किया गया। आयुक्त ने स्वास्थ्य सेवाओं में शिथिलता पर नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिये हैं कि भविष्य में किसी भी स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सकीय सेवाएं प्रभावित न हों तथा वैकल्पिक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएं। इसी क्रम में जनपद बाँदा की ग्राम पंचायत अछरौड़ में उत्पन्न गंभीर पेयजल संकट संबंधी समाचार ’अछरौड़ गांव में गहराया पेयजल संकट’ का संज्ञान लेते हुए अधिशासी अभियन्ता, जल संस्थान, बाँदा एवं अधिशासी अभियन्ता, उत्तर प्रदेश जल निगम ग्रामीण, बाँदा से जवाब तलब किया गया है। समाचार के अनुसार विगत कई दिनों से गांव में पेयजल आपूर्ति बाधित है तथा ग्रामीण दूषित नदी के पानी के उपयोग को मजबूर हैं, जिससे जलजनित बीमारियों की आशंका उत्पन्न हो गई है। आयुक्त ने जर्जर पाइपलाइन को तत्काल दुरुस्त कराने, वैकल्पिक पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा संपूर्ण प्रकरण की जांच कर उत्तरदायित्व निर्धारित करने के निर्देश दिये हैं।