
पारदर्शी विकास न्यूज़ औरैया जिलाधिकारी बृजेश कुमार द्वारा आयुष्मान योजना के अंतर्गत कार्ड धारकों को मुफ्त चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराए जाने हेतु चयनित श्री गुलाब सिंह चिकित्सालय फफूंद रोड औरैया का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी द्वारा आयुष्मान कार्ड धारक बिरूला देवी, भरसेन निवासी मुन्नू लाल तथा रानी से वार्ता कर चिकित्सालय में दी जा रही सुविधाओं, उपचार व बीमारी के संबंध में वार्ता की गयी। निरीक्षण के दौरान चिकित्सालय संचालक रंजीत प्रताप सिंह ने बताया कि यह चिकित्सालय आयुष्मान कार्ड धारकों के उपचार हेतु चिन्हित है और इसकी क्षमता 100 शैया है। जिलाधिकारी द्वारा चिकित्सालय में एमआरआई, एक्सरे, अल्ट्रासाउंड एवं पैथोलॉजी संचालन के संबंध में पूछे जाने पर बताया गया कि पूर्व में पैथोलॉजी पर संचालन किया जा रहा था परंतु वर्तमान में योग्य व अनुभवी कर्मचारी की उपलब्धता न होने के कारण व्यवस्थाएं संचालित नहीं है। जिस पर जिलाधिकारी ने कहा कि उपरोक्त का संचालन चिकित्सालय में होना अति आवश्यक है अतः अनुभवी व योग्य कार्मिकों की नियुक्ति कर व्यवस्थाओं का संचालन करायें। जिलाधिकारी द्वारा चिकित्सालय में आपात स्थिति को दृष्टिगत रखते हुए प्रबंधों की जानकारी प्राप्त करते हुए निर्देश दिए गए कि आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक निकास द्वार, अग्निशमन यंत्र आदि का समुचित प्रबंध किया जाए साथ ही समय-समय पर उपकरणों की क्रियाशीलता व वैधता की भी जांच की जाए।उक्त अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी सुरेन्द्र कुमार, मुख्य अग्निशमन अधिकारी तेजवीर सिंह, चिकित्सालय के चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ आदि उपस्थित रहे।