
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। घाटमपुर थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद दोनों शव पूरी रात सड़क किनारे पड़े रहे। सुबह राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए।मृतकों की पहचान फतेहपुर जिले के कलाना गांव निवासी 24 वर्षीय सुमित और उसके साथी हिमांशु सोनकर के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक सुमित मंगलवार रात अपनी बहन प्रियंका को दिल्ली जाने के लिए कानपुर रेलवे स्टेशन छोड़ने आया था। वहां से वापस गांव लौटते समय घाटमपुर के परास मोड़ के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक सड़क पर उछलकर गिर पड़े और वाहन उन्हें कुचलते हुए फरार हो गया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने युवकों के पास मिले आधार कार्ड की मदद से परिजनों को सूचना दी। घाटमपुर इंस्पेक्टर मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है।