
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। शहर में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई घटनाओं में महिला समेत तीन लोगों ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटनाएं हनुमंत विहार और नौबस्ता क्षेत्र में हुईं। पुलिस ने तीनों मामलों में शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। पहली घटना हनुमंत विहार थाना क्षेत्र के तुलसी विहार केशव नगर की है। यहां 27 वर्षीय पूजा देवी ने घर में फंदा लगाकर जान दे दी। परिजनों के मुताबिक शादी के छह साल बाद भी संतान नहीं होने से वह परेशान चल रही थी। मौके से मिले सुसाइड नोट में भी उसने बच्चे न होने की वजह से दुखी होने की बात लिखी है।दूसरी घटना हनुमंत विहार के बख्तौरीपुरवा की है। यहां 40 वर्षीय राजमिस्त्री नवल किशोर ने पत्नी से विवाद के बाद फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पत्नी के मुताबिक नवल नशे का आदी था और अक्सर विवाद करता था। सोमवार रात झगड़े के बाद उसने घर में आत्मघाती कदम उठा लिया।वहीं नौबस्ता थाना क्षेत्र के चंदापुरवा में 23 वर्षीय शालू सैनी ने भी फंदा लगाकर जान दे दी। परिजनों के अनुसार शालू का एक महिला से प्रेम संबंध था और उसे शक था कि महिला किसी और से भी बात करती है। इसी वजह से वह तनाव में था।पुलिस तीनों मामलों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।