
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। जिले के 37 हाईस्कूल और इंटर कॉलेजों में जल्द ही प्रेरणा कैंटीन शुरू की जाएंगी। इन कैंटीनों का संचालन स्वयं सहायता समूह की महिलाएं करेंगी। इसका उद्देश्य महिलाओं को रोजगार से जोड़ने के साथ ही छात्रों को पौष्टिक और स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराना है।यह पहल उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत की जा रही है। कैंटीनों में छात्रों और विद्यालय कर्मचारियों को सस्ता व पौष्टिक नाश्ता उपलब्ध कराया जाएगा।जिले में वर्तमान में 10,700 महिला स्वयं सहायता समूह सक्रिय हैं। इन्हीं समूहों से जुड़ी महिलाओं को कैंटीन संचालन की जिम्मेदारी दी जाएगी।योजना के तहत 15 हाईस्कूल और 22 इंटर कॉलेजों को शामिल किया गया है। उपायुक्त स्वतः रोजगार प्रवीणा शुक्ला ने बताया कि कैंटीन संचालन की तैयारी शुरू कर दी गई है। जल्द ही समूहों का चयन कर काम शुरू कराया जाएगा।