
पारदर्शी विकास न्यूज़ औरैया। अपना दल (एस) की जिला स्तरीय बैठक देवकली मंदिर के समीप स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में आयोजित हुई। बैठक में आगामी रक्षाबंधन और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व की शुभकामनाएं देने के साथ संगठन को मजबूत करने और जनाधार बढ़ाने पर चर्चा की गई।मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष जाटव आरपी गौतम और पूर्व दर्जा प्राप्त मंत्री रामलखन पटेल ने कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि संगठन की मजबूती जमीनी कार्यकर्ताओं पर निर्भर करती है। बूथ और क्षेत्र स्तर पर संगठन को मजबूत करते हुए अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ना जरूरी है।रामलखन पटेल ने भी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन विस्तार में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। बैठक में कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय और जनसंपर्क बढ़ाने पर जोर दिया गया।इस दौरान जिला उपाध्यक्ष अमिता कटियार, जिला महासचिव शिवम कटियार, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष शिवेंद्र सिंह सेंगर, क्षेत्रीय सचिव रवि पाल, सेक्टर अध्यक्ष माधवी मिश्रा समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक के अंत में सभी ने आगामी त्योहारों की शुभकामनाएं दीं।