
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। भीषण गर्मी में जनगणना कर रहे शिक्षक -शिक्षिकाओं को उपार्जित अवकाश देने की उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ की मांग को बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय कुमार तिवारी ने अभी तक स्वीकार नहीं किया है। महानिदेशक स्कूल शिक्षा की ओर से जारी पत्र और शासनादेश के बावजूद बेसिक शिक्षा अधिकारी के जबाब पर संघ के नेताओं ने गहरी नाराजगी जताई है और स्वीकृत अधिकारी बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा उपार्जित अवकाश न देने की स्थिति में हाईकोर्ट में याचिका दायर करने का अल्टिमेटम दिया है। उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के प्रांतीय मंत्री और जिला अध्यक्ष अब्दुल रसीद ने बताया कि महानिदेशक स्कूल शिक्षा के पत्र महा-नि-/एम आई एस/6049/2024-25दिनांक30सितम्बर2024 के प्रस्तर चार में शिक्षकों से ग्रीष्मावकाश में सरकारी काम लेने पर उपार्जित अवकाश देने का प्राविधान है।संगठन की ओर से वार्ता करने और पत्र देने के बाद भी बेसिक शिक्षा अधिकारी ने अभी तक उपार्जित अवकाश स्वीकृत नहीं किया है।अब्दुल रशीद ने शासनादेश और महानिदेशक के आदेश का अनुपालन न करने पर गहरी नाराजगी जताई है और कहा है कि यदि स्वीकृत अधिकारी के रूप में बेसिक शिक्षा अधिकारी ने जनगणना ड्यूटी कर रहे शिक्षकों को उपार्जित अवकाश न दिया तो संघ न्यायालय की शरण लेगा।