news-details

अयोध्या मंदिर चंदा मामले पर कांग्रेस का प्रदर्शन

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर से जुड़े कथित चंदा मामले को लेकर कांग्रेस ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। महानगर कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ता हाथों में गुल्लक लेकर पहुंचे और जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस नेताओं ने इस मामले में तत्काल FIR दर्ज कराने की मांग की। प्रदर्शन का नेतृत्व महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता ने किया। उन्होंने कहा कि यह केवल दान से जुड़ा मामला नहीं है, बल्कि करोड़ों राम भक्तों की आस्था से जुड़ा विषय है।कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से गुल्लक भेंट करते हुए कहा कि मंदिर की गुल्लक से कथित चोरी के मामले में राम भक्तों की भावनाओं को सरकार तक पहुंचाने के लिए प्रदर्शन किया गया है।महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहा कि सरकार और मंदिर ट्रस्ट को स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर गड़बड़ी हुई है या नहीं। यदि चोरी हुई है तो अब तक FIR क्यों दर्ज नहीं की गई और अगर चोरी नहीं हुई तो जांच किस आधार पर चल रही है।उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के नाम पर भक्तों द्वारा चढ़ाया गया धन आस्था से जुड़ा हुआ है। इसमें किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कांग्रेस ने निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द FIR दर्ज नहीं की गई तो पार्टी जनहित और आस्था के मुद्दे को लेकर बड़ा आंदोलन करेगी।प्रदर्शन में पूर्व कांग्रेस पदाधिकारी, नगर कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में पार्टी के नेता मौजूद रहे।