
Pardarshi Vikas News Kanpur
संविधान निर्माता, महान समाज सुधारक और समानता के प्रतीक डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। राष्ट्रीय अपराध मुक्त संगठन उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में बाबा साहेब की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलित कर पुष्पांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम में संगठन के सचिव रमेश सिहवानी और अधिवक्ता मनीष कुरील ने कहा कि डॉ. अंबेडकर का जीवन न्याय, स्वतंत्रता और बंधुत्व का संदेश देता है। उन्होंने समाज के वंचित वर्गों को शिक्षा के लिए प्रेरित करते हुए कहा था कि जरूरत पड़े तो थाली बेच दो, हाथ पर रोटी रखकर खा लो, लेकिन शिक्षा जरूर प्राप्त करो और अपने परिवार को भी शिक्षित बनाओ।
वक्ताओं ने कहा कि बाबा साहेब ने शिक्षा को समाज परिवर्तन का सबसे बड़ा माध्यम बताया था। उनके विचार आज भी हर वर्ग के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि डॉ. अंबेडकर के बताए रास्ते पर चलकर समतामूलक, न्यायपूर्ण और शिक्षित समाज के निर्माण का संकल्प लें।
इस अवसर पर कानपुर लॉयर्स एसोसिएशन के संयुक्त मंत्री पद प्रत्याशी मनीष कुरील, राम प्रसाद कुरील, रमेश सिहवानी, सतीश रोचलानी, राजकुमार मोटवानी, पायल गुज्जर, जितेंद्र सोनी, नरेंद्र चंद्र, श्रीकृष्ण, एडवोकेट रामजी ओमर, शशि गौतम, गायत्री मिश्रा, दीपक सक्सेना, अंकित कुरील, दीपक सिंह कुशवाहा, श्रीवर्धन, अजीत गौतम, अश्वनी गौतम, संघपाल, विशाल आनंद सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।