news-details

बुढऊ महाराज की जयंती श्रद्धा से मनाई गई

You can share this post!

पारदर्शी विकास न्यूज़  अमेठी। बुधवार को राजर्षि रणंजय सिंह ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट (आरआरएसजीआई) के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में  शिक्षा के प्रखर पुरोधा एवं अमेठी में शिक्षा की नींव रखने वाले यशःशेष राजर्षि रणंजय सिंह (बुढ़ऊ महाराज) की 39वीं पुण्यतिथि श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन, पुष्पांजलि और श्रद्धांजलि सभाओं का आयोजन किया गया।
राजर्षि रणंजय सिंह आसल देव पीजी कॉलेज, पीपरपुर में प्राचार्या डॉ. संगीता सिंह के मार्गदर्शन में हवन-पूजन हुआ, जबकि आरआरपीजी कॉलेज अमेठी में प्राचार्य डॉ. ओम प्रकाश त्रिपाठी ने यजमान के रूप में आहुति देकर राजर्षि के शिक्षा, समाज सुधार और वैदिक धर्म प्रचार के आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। रानी सुषमा देवी महिला पीजी कॉलेज में वक्ताओं ने राजर्षि के दूरदर्शी नेतृत्व और अमेठी को "लहुरी काशी" के रूप में स्थापित करने में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। रानी सुषमा देवी बालिका इंटर कॉलेज, मुंशीगंज में प्रधानाचार्य विजय कुमार चौरसिया की देखरेख में वैदिक हवन संपन्न हुआ तथा छात्राओं को राजर्षि के तीन प्रमुख संकल्प—शिक्षा प्रसार, समाज सुधार और वैदिक धर्म प्रचार—से अवगत कराया गया। वहीं राजर्षि रणंजय सिंह इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी (आरआरएसआईएमटी) में निदेशक डॉ. शशांक श्रीवास्तव ने चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। सभी संस्थानों में शिक्षकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने राजर्षि के आदर्शों को आत्मसात कर शिक्षा और समाज सेवा की परंपरा को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।