
पारदर्शी विकास न्यूज़ ललितपुर। ग्राम पंचायत बालाबेहट के मजरा बरेना में विगत कई वर्षों से जर्जर हालत में पड़ा रोड को सही कराया जाकर लोगों की समस्या दूर किये जाने की मांग उठायी गयी है। इस सम्बन्ध में गुरूवार को बालाबेहट से जिला पंचायत सदस्य धनन्जय यादव के नेतृत्व में गांव के प्रधान समेत दर्जनों ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पहुंच कर जिलाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उन्होंने बताया कि बालाबेहट के मजरा बरेना में ननेरी तिराहा से लेकर बरेना तक कुल 3.5 किलोमीटर तक का सड़क विगत बीस वर्षों पुराना है। इस समय उक्त रोड जर्जर अवस्था में है। पूर्व में यह रोड मण्डी समिति द्वारा निर्माण कराया गया था। उसके बाद से आज तक इस रोड की सुध नहीं ली गयी और समय गुजरने के साथ ही यह रोड अब काफी जर्जर अवस्था में है। हालात यहां तक खराब हैं कि इस रोड से लोगों को वाहन से तो दूर पैदल निकलना भी मुश्किल है, जिससे बच्चों को विद्यालय आने-जाने और बुजुर्गों व महिलाओं को भी आवागमन में भारी परेशानियों को उठाना पड़ रहा है। बताया कि कई बार मण्डी समिति से निवेदन करने के बाद भी उक्त सड़क का निर्माण नहीं कराया गया और न ही इस सड़क की रिपेयरिंग की गयी। इसके अलावा ग्रामीणों ने भी बताया कि इस मार्ग से अधिकांश दुर्घटनाएं भी घटित हो रहीं हैं। ग्रामीणों ने अभय सिंह के मकान से लेकर प्राथमिक विद्यालय बरेना तक पक्का सीसी रोड निर्माण कराये जाने की मांग उठायी है और इसके अलावा शेष मार्ग की मरम्मत कराये जाने की आवश्यकता पर बल दिया। ज्ञापन देते समय जिला पंचायत सदस्य बालाबेहट धनन्जय सिंह यादव के अलावा अनेकों ग्रामीण मौजूद रहे।