
पारदर्शी विकास न्यूज़ कुशीनगर। जनपद की रिजर्व पुलिस लाइन के सभागार में शनिवार को बाल सुरक्षा से जुड़े मामलों की मासिक समीक्षा बैठक एवं प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में हुई बैठक में सभी थानों के बाल कल्याण पुलिस अधिकारी शामिल हुए।बैठक में पॉक्सो अधिनियम, किशोर न्याय अधिनियम, बालश्रम और भिक्षावृत्ति की रोकथाम, मानव तस्करी, अनैतिक देह व्यापार तथा गुमशुदा बच्चों की बरामदगी से जुड़े मामलों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बच्चों के चिकित्सीय परीक्षण, बीएनएस की धारा 183 के तहत बयान, विवेचना और अभियोजन प्रक्रिया पर भी चर्चा की।अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि पीड़िता के बरामद होने पर संबंधित पॉक्सो अधिकारी को सूचना दी जाए। बच्चों से जुड़े मामलों में शत-प्रतिशत रिपोर्टिंग और बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) को समय पर सूचना उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। चाइल्ड हेल्पलाइन और बाल कल्याण समिति के निर्देशों का पालन करने के साथ संबंधित संस्थाओं से समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।थानों में महिला एवं बाल सुरक्षा हेल्पलाइन नंबरों के प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए। इनमें 1098, 1090, 181, 108, 102, 1076, 101, 112 और 1930 शामिल हैं। बैठक में अभियोजन अधिकारी, किशोर न्याय बोर्ड, सीडब्ल्यूसी, बाल संरक्षण अधिकारी, आरपीएफ और चाइल्ड हेल्पलाइन के प्रतिनिधि मौजूद रहे।