बिना लाइसेंस मेडिकल स्टोर पर छापा, 80 हजार की दवाएं सील
पारदर्शी विकास न्यूज़ कुशीनगर। तमकुहीराज क्षेत्र में औषधि विभाग की टीम ने बिना वैध लाइसेंस संचालित मेडिकल स्टोर पर छापेमारी कर करीब 80 हजार रुपये की एलोपैथिक दवाएं सील कर दीं। कार्रवाई उप जिलाधिकारी के निर्देश पर पुलिस बल की मौजूदगी में की गई। जांच के दौरान दुकान संचालक दवाओं की खरीद-बिक्री से संबंधित अभिलेख और लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका।औषधि निरीक्षक नवीन कुमार के अनुसार, गोपनीय सूचना के आधार पर टीम ने पटहेरवा चौराहे के पास नवजीवन इंटर कॉलेज रोड स्थित मेडिकल स्टोर की जांच की। दुकान पर साइन बोर्ड भी नहीं लगा था। अंदर बड़ी मात्रा में एलोपैथिक दवाएं रखी मिलीं।जांच के दौरान वहां मौजूद व्यक्ति ने अपना नाम नियाज बारिश निवासी पटहेरवा बताया। प्रारंभिक जांच में बिना वैध लाइसेंस दवाओं के भंडारण और बिक्री का मामला सामने आया।कार्रवाई के दौरान दो संदिग्ध दवाओं के नमूने लेकर जांच के लिए राजकीय विश्लेषक प्रयोगशाला, अलीगंज, लखनऊ भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई। शेष दवाओं को निर्धारित प्रपत्र पर दर्ज करने के बाद सील कर दिया गया।औषधि निरीक्षक ने बताया कि आवश्यक जांच और अभिलेखीय कार्रवाई पूरी करने के बाद सक्षम न्यायालय में परिवाद दाखिल किया जाएगा। विभाग ने स्पष्ट किया कि दवाओं के अवैध भंडारण और बिक्री के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।