
पारदर्शी विकास न्यूज़ औरैया। अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद की बैठक जिलाध्यक्ष विपिन कुमार पोरवाल की अध्यक्षता में गोपाल वाटिका आश्रम में हुई। बैठक में वैश्य समाज की राजनीतिक भागीदारी और आगामी विधानसभा चुनाव में समाज की हिस्सेदारी को लेकर विचार-विमर्श किया गया। परिषद के राष्ट्रीय सचिव आनंद नाथ गुप्ता एडवोकेट ने कहा कि सामाजिक, धार्मिक और जनहित के कार्यों में वैश्य समाज महत्वपूर्ण योगदान देता है, लेकिन राजनीति में अपेक्षित हिस्सेदारी नहीं मिलती। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में वैश्य समाज को अधिक टिकट देने वाले राजनीतिक दल को समाज का समर्थन मिल सकता है।बैठक के दौरान आनंद नाथ गुप्ता को जिलाधिकारी द्वारा जेलों की निगरानी के लिए बोर्ड ऑफ विजिटर में मनोनीत किए जाने पर सम्मानित किया गया। परिषद के पदाधिकारियों ने माल्यार्पण कर मिठाई खिलाई और जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया।इसके साथ ही समाजसेविका एवं भाजपा नेत्री कोमल पोरवाल को परिषद की युवा महिला इकाई का जिलाध्यक्ष मनोनीत किया गया। उन्होंने कहा कि जल्द ही बैठक बुलाकर युवा महिला टीम का गठन किया जाएगा।बैठक में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रमन पोरवाल, जिला महामंत्री नरेश चंद्र शिवहरे, प्रांतीय उपाध्यक्ष विष्णु गहोई, राजीव पोरवाल और देवमुनि पोरवाल सहित परिषद के कई पदाधिकारी एवं समाज के लोग मौजूद रहे।