news-details

बिठूर में सियासी संग्राम तेज, सांगा ने दी खुली चुनौती

You can share this post!


मैदान में आकर करें मुकाबला:विधायक

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। बिठूर से भाजपा विधायक अभिजीत सिंह सांगा ने रविवार को प्रेसवार्ता कर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और पूर्व विधायक मुनींद्र शुक्ला पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि विकास के मुद्दे पर विपक्ष के पास कोई जवाब नहीं है, इसलिए व्यक्तिगत आरोपों और सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए जनता को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने खुली चुनौती देते हुए कहा कि बिठूर विधानसभा के विकास कार्यों को लेकर किसी भी मंच पर सार्वजनिक बहस कराई जा सकती है।विधायक सांगा ने हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुए अपने वीडियो का जिक्र करते हुए कहा कि ग्रामीणों की शिकायत पर उन्होंने खाद्य विभाग के अधिकारी को फटकार लगाई थी। इसी वीडियो को आधार बनाकर अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर उन पर “हिस्सेदारी” लेने का आरोप लगाया। सांगा ने पलटवार करते हुए कहा कि हिस्सेदारी और दलाली की संस्कृति समाजवादी पार्टी की सरकारों में पनपी थी। तहसील, थाना और अन्य विभागों में उस समय किस तरह का माहौल था, यह प्रदेश की जनता भली-भांति जानती है।उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने बिना भेदभाव के विकास किया है। जिन गांवों को कभी विपक्ष का गढ़ माना जाता था, वहां भी बिजली, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई गई हैं। उन्होंने सपा शासन पर निशाना साधते हुए कहा कि उस दौर में विकास कुछ सीमित क्षेत्रों तक ही सिमटा हुआ था, जबकि वर्तमान सरकार ने पूरे प्रदेश को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया है।पूर्व विधायक मुनींद्र शुक्ला पर हमला बोलते हुए सांगा ने कहा कि वह उनका सम्मान करते हैं, लेकिन विधायक रहते हुए उन्होंने क्षेत्र की बड़ी समस्याओं को लेकर कोई प्रभावी लड़ाई नहीं लड़ी। इसके विपरीत उन्होंने पिछले साढ़े नौ वर्षों में सड़क, पुल, रिंग रोड, धार्मिक स्थलों के सुंदरीकरण और पर्यटन विकास जैसे मुद्दों पर लगातार काम किया है।खनन के आरोपों को खारिज करते हुए सांगा ने कहा कि कुछ लोग उन्हें बदनाम करने की साजिश कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि बिठूर में चल रही बड़ी परियोजनाओं के लिए मिट्टी की खुदाई को गलत तरीके से उनके नाम से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि खनन के मामलों का इतिहास किसके शासनकाल से जुड़ा है, यह जनता अच्छी तरह जानती है।प्रेसवार्ता के दौरान सांगा ने कहा कि यदि विपक्ष को अपने दावों पर भरोसा है तो जनता के बीच विकास कार्यों पर खुली बहस कर ले। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि टिकट बचाने की राजनीति के चलते कुछ नेता अचानक सक्रिय हो गए हैं। अंत में उन्होंने कहा कि बिठूर की जनता विकास और काम के आधार पर फैसला करती है और भविष्य में भी वही सबसे बड़ा जवाब देगी।