
पारदर्शी विकास ब्यूरो
कुशीनगर। बच्चों की सुरक्षा, देखरेख और उनके विधिक अधिकारों के संरक्षण को लेकर सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस, बाल संरक्षण से जुड़े अधिकारियों, चाइल्ड लाइन, एनजीओ और अन्य संबंधित संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।पुलिस अधीक्षक कुशीनगर केशव कुमार के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा ने बाल संरक्षण अधिकारी, बाल श्रम अधिकारी, एनजीओ, चाइल्ड लाइन, किशोर न्याय बोर्ड के अधिकारी, बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष एवं सदस्यों, प्रभारी एएचटी तथा जनपद के प्रत्येक थाने में नियुक्त बाल कल्याण अधिकारियों के साथ समीक्षा की।अपर पुलिस अधीक्षक ने निर्देशित किया कि बच्चों की देखरेख, सुरक्षा और उनके विधिक अधिकारों का संरक्षण सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने बाल श्रम, बाल दुर्व्यवहार, बाल विवाह और लापता बच्चों से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने तथा शिकायत अथवा सूचना प्राप्त होते ही त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।उन्होंने पुलिस, चाइल्ड लाइन, बाल कल्याण समिति और स्वयंसेवी संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर प्रभावी ढंग से कार्य करने पर जोर दिया। साथ ही बाल संरक्षण से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करते हुए पीड़ित बच्चों को आवश्यक सहायता एवं संरक्षण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।