
पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर। कुशीनगर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम प्रेमवलिया निवासी एवं भारतीय जनता पार्टी के विभिन्न पदों पर कार्य कर चुके वेद प्रकाश तिवारी ने सोमवार को भाजपा छोड़कर समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। उनके सपा में शामिल होने से क्षेत्र की राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं।सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता राजेश प्रताप राव उर्फ़ बंटी भैया एवं विधानसभा अध्यक्ष सिकंदर आलम ने उनका स्वागत करते हुए पार्टी की सदस्यता दिलाई। नेताओं ने कहा कि वेद प्रकाश तिवारी के लंबे राजनीतिक अनुभव से संगठन को मजबूती मिलेगी और पार्टी का जनाधार और विस्तृत होगा।वेद प्रकाश तिवारी ने कहा कि समाजवादी पार्टी की नीतियों, सामाजिक न्याय और जनहित के मुद्दों से प्रभावित होकर उन्होंने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह पूरी निष्ठा के साथ पार्टी की विचारधारा और कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।राजेश प्रताप राव उर्फ़ बंटी भैया ने कहा कि समाजवादी पार्टी सभी कार्यकर्ताओं का सम्मान करती है और नए साथियों का स्वागत करती है। वहीं विधानसभा अध्यक्ष सिकंदर आलम ने कहा कि संगठन लगातार मजबूत हो रहा है और नए कार्यकर्ताओं के जुड़ने से पार्टी को आगामी समय में और मजबूती मिलेगी।कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।