
पारदर्शी विकास न्यूज़ औरैया। भारतीय जनता पार्टी जिला औरैया के तत्वावधान में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत भव्य एवं ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा निकाली गई। शहीद पार्क में नगर विकास राज्य मंत्री राकेश राठौर गुरु जी और जिला अध्यक्ष सर्वेश कठेरिया ने भारत माता की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर यात्रा का शुभारंभ किया। हाथों में तिरंगा लेकर निकले हजारों राष्ट्रप्रेमियों से पूरा शहर तिरंगा मय नजर आया और भारत माता की जय तथा वंदे मातरम् के उद्घोष गूंजते रहे।यात्रा सुभाष चौक, संजय गेट, लेडीज मार्केट, सदर बाजार और तहसील तिराहा होते हुए भारतीय विद्यालय पहुंचकर संपन्न हुई। राज्य मंत्री राकेश राठौर ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान के साथ एकता, अखंडता, स्वतंत्रता और स्वाभिमान का प्रतीक है। जिला अध्यक्ष सर्वेश कठेरिया ने देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प दिलाया। सदर विधायक गुड़िया कठेरिया, जिला पंचायत अध्यक्ष कमल दोहरे सहित पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और हजारों कार्यकर्ता यात्रा में शामिल रहे।