news-details

भाजपा कार्यालय में मारपीट पर सख्ती; अब प्रदेश समिति करेगी फैसला

You can share this post!


पारदर्शी विकास न्यूज़  कानपुर। नौबस्ता स्थित भाजपा कार्यालय में क्षेत्रीय प्रभारी शंकर लाल लोधी के स्वागत कार्यक्रम के दौरान दो पदाधिकारियों के बीच हुई मारपीट के मामले में जांच कमेटी ने अपनी रिपोर्ट क्षेत्रीय अध्यक्ष रामकिशोर साहू को सौंप दी है। कमेटी ने घटना को पार्टी अनुशासन का उल्लंघन मानते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश की है। अब अंतिम निर्णय प्रदेश अनुशासन समिति करेगी।दरअसल, बुधवार को स्वागत कार्यक्रम के दौरान दक्षिण कानपुर के पूर्व जिलामंत्री शिवपूजन और सह मीडिया प्रभारी विनय राठौर के बीच कुर्सी पर बैठने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और दोनों के बीच मारपीट हो गई। घटना के बाद भाजपा ने पांच सदस्यीय जांच कमेटी गठित की थी।कमेटी में दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह, ग्रामीण जिलाध्यक्ष उपेंद्र पासवान, उत्तर जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित समेत पांच पदाधिकारी शामिल थे। सदस्यों ने दोनों पक्षों से बातचीत कर घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। जांच के बाद सभी सदस्यों ने माना कि पार्टी कार्यालय में इस तरह का विवाद गंभीर अनुशासनहीनता है।जांच कमेटी के सदस्य अनिल दीक्षित ने कहा कि भाजपा अनुशासन के लिए जानी जाती है और पार्टी कार्यालय में ऐसी घटना स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जरूरत बताई, ताकि भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो।क्षेत्रीय अध्यक्ष रामकिशोर साहू ने कहा कि जांच रिपोर्ट प्रदेश अनुशासन समिति को भेज दी गई है। अब फैसला प्रदेश स्तर पर ही होगा। उन्होंने कहा कि मामले में किसी के साथ अन्याय नहीं होगा और समिति द्वारा मांगे गए सभी साक्ष्य उपलब्ध कराए जाएंगे।