
पारदर्शी विकास ब्यूरो कसया/कुशीनगर। भारतीय जनता पार्टी तुर्कपट्टी मंडल की संगठनात्मक बैठक मंगलवार को सूर्य मंदिर परिसर में आयोजित हुई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने तथा केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने पर व्यापक चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों को देखते हुए संगठनात्मक गतिविधियों को और तेज करने का आह्वान किया गया।बैठक के मुख्य अतिथि जिला महामंत्री विवेकानंद शुक्ल ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता हमेशा जनता के सुख-दुख में सहभागी बनकर कार्य करते हैं। यही कारण है कि पार्टी को लगातार जनता का समर्थन मिल रहा है। उन्होंने हालिया चुनावी सफलताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं को अति उत्साह में आने के बजाय वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारी में अभी से जुट जाना चाहिए। उन्होंने सभी बूथों को मजबूत करने और संगठन की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने पर बल दिया।जिला मंत्री कन्हैया शर्मा ने मंडल पदाधिकारियों और शक्ति केंद्र संयोजकों से बूथ कार्यकारिणी के साथ नियमित संपर्क बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रत्येक कार्यक्रम की तस्वीरें और गतिविधियां सरल ऐप पर समय से अपलोड की जाएं, जिससे संगठनात्मक कार्यों की निगरानी बेहतर ढंग से हो सके।बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष महेन्द्र शर्मा ने की, जबकि संचालन मंडल महामंत्री लल्लन कुशवाहा ने किया। इस अवसर पर युवा मोर्चा जिला संयोजक शैलेन्द्र तिवारी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।