news-details

भूमि सीमांकन होगा और भी आसान, तेज़ व सटीक

You can share this post!

 


 जिलाधिकारी बृजेश कुमार द्वारा तहसील सदर के ग्राम कख़ावतू स्थित भूमि गाटा संख्या-123, 124, 128 एवं 131 पर रोवर (GNSS आधारित आधुनिक तकनीक) से किए जा रहे सीमांकन कार्य का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने राजस्व विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से सीमांकन की प्रक्रिया, तकनीकी उपयोग तथा कार्य की प्रगति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।जिलाधिकारी ने कहा कि रोवर तकनीक के उपयोग से अब फीता और जरीब जैसी पारंपरिक विधियों पर निर्भरता कम होगी तथा वैज्ञानिक, सटीक एवं पारदर्शी तरीके से भूमि का सीमांकन किया जा सकेगा। इस तकनीक से भूमि की वास्तविक स्थिति, क्षेत्रफल एवं सीमाएं अधिक स्पष्ट रूप से निर्धारित होंगी, जिससे त्रुटियों की संभावना न्यूनतम रहेगी। उन्होंने बताया कि जनपद में भूमि सीमांकन से संबंधित अनेक प्रकरण लंबे समय से लंबित रहते हैं, जिनके निस्तारण में समय अधिक लगता है। रोवर तकनीक के माध्यम से ऐसे प्रकरणों के निस्तारण में तेजी आएगी तथा आमजन को समयबद्ध राहत मिल सकेगी, साथ ही सीमांकन प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ने से राजस्व अभिलेखों की विश्वसनीयता भी सुदृढ़ होगी।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जहां भी आवश्यक हो, वहां आधुनिक तकनीक का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जाए, ताकि भूमि विवादों में प्रभावी कमी लाई जा सके और ग्रामीणों को अनावश्यक विवाद एवं न्यायालयी प्रक्रियाओं से राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि यह पहल सुशासन, पारदर्शिता एवं त्वरित राजस्व सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सदर गरिमा सोनकिया, तहसीलदार सदर प्रकाश चौधरी, संबंधित राजस्व अधिकारी, लेखपाल एवं तकनीकी टीम के सदस्य आदि उपस्थित रहे।