
PARDARSHI VIKASH NEWS मनकापुर कोतवाली क्षेत्र के महादेवा गांव में भूसा निकालते समय जहरीले सांप के डसने से 42 वर्षीय महिला दाया की मौत हो गई। सोमवार सुबह वह अपने मड़हे में जानवरों के लिए भूसा निकाल रही थीं। इसी दौरान भूसे में छिपे जहरीले सांप ने उनके हाथ में डस लिया। शुरुआत में उन्हें लगा कि किसी चूहे ने काटा है, इसलिए उन्होंने इस पर ध्यान नहीं दिया। कुछ देर बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी, तब उन्होंने पति हसनु राजभर को घटना की जानकारी दी। परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनकापुर ले गए, जहां डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया, लेकिन जहर पूरे शरीर में फैल जाने के कारण उनकी जान नहीं बच सकी। दाया अपने पीछे एक विवाहित बेटी, एक अविवाहित बेटी और दो बेटों को छोड़ गई हैं। पति मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। ग्राम प्रधान शोभाराम ने बताया कि परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है और शासन से मिलने वाली सहायता दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। लेखपाल की रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।