news-details

भनौली में अकीदत के साथ निकला चेहलुम का जुलूस

You can share this post!


 पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी । मुसाफिरखाना तहसील क्षेत्र के भनौली गांव में मंगलवार को हज़रत इमाम हुसैन और शहीदाने कर्बला की याद में चेहलुम का जुलूस पूरे अकीदत, गम और अनुशासन के साथ निकाला गया। ज़ोहर की नमाज़ के बाद बड़े इमामबाड़े से शुरू हुआ जुलूस छोटे इमामबाड़े और दरगाह हज़रत अब्बास होते हुए कर्बला पहुंचा, जहां धार्मिक रस्मों के बीच नम आंखों से ताज़ियों को सुपुर्द-ए-ख़ाक किया गया। जुलूस से पूर्व बड़े इमामबाड़े में आयोजित मजलिस को मौलाना मंज़ूर हुसैन नक़वी अमरोहवी ने संबोधित किया। उन्होंने कर्बला के शहीदों की कुर्बानियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हज़रत इमाम हुसैन ने सत्य, न्याय और इंसानियत की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने लोगों से इमाम हुसैन की शिक्षा, सब्र, त्याग और इंसाफ़ के रास्ते पर चलने का आह्वान किया। मजलिस के बाद बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने मातम और नौहाख़्वानी करते हुए जुलूस में भाग लिया। पूरे रास्ते या हुसैन की सदाएं गूंजती रहीं और श्रद्धालुओं ने गम का इज़हार किया। निर्धारित मार्ग से गुजरते हुए जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से कर्बला पहुंचा, जहां ताज़ियों को धार्मिक परंपरा के अनुसार सुपुर्द-ए-ख़ाक किया गया। चेहलुम, कर्बला की घटना के चालीसवें दिन मनाया जाता है। इस अवसर पर दुनिया भर के अकीदतमंद हज़रत इमाम हुसैन और उनके 72 साथियों की शहादत को याद कर उन्हें ख़िराज-ए-अक़ीदत पेश करते हैं।जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा और अधिकारियों ने लगातार निगरानी बनाए रखी। स्थानीय लोगों और इंतज़ामिया कमेटी के सहयोग से पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।