
पारदर्शी विकास ब्यूरो कसया, कुशीनगर। विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बतरौली में शुक्रवार की शाम श्रद्धा और भक्ति के माहौल में शिव मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे विधायक पी.एन. पाठक ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत भूमि पूजन कर मंदिर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।भूमि पूजन के बाद विधायक ने गांव में आयोजित धार्मिक कथा का श्रवण किया तथा भगवान की आरती में भी सहभागिता निभाई। इस दौरान क्षेत्र में धार्मिक और आध्यात्मिक वातावरण बना रहा तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण कार्यक्रम में उपस्थित रहे।कार्यक्रम के उपरांत गांव की सैकड़ों महिलाओं ने विधायक के समक्ष छठ वेदी के स्थान को लेकर अपनी समस्या रखी। महिलाओं ने बताया कि छठ पूजा के लिए निर्धारित स्थल को पुनः व्यवस्थित कराने की आवश्यकता है। समस्या को गंभीरता से लेते हुए विधायक पी.एन. पाठक ने तत्काल संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर छठ वेदी के स्थान को पुनः स्थापित कराने के निर्देश दिए।विधायक के आश्वासन और त्वरित पहल से ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं में खुशी की लहर दौड़ गई। इसके बाद उपस्थित लोगों ने "जय श्री राम" और "हर-हर महादेव" के जयकारों से पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।अपने संबोधन में विधायक पी.एन. पाठक ने कहा कि मंदिर निर्माण समाज को आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करने वाला एक पुनीत कार्य है। उन्होंने कहा कि भगवान शिव करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र हैं और उनके मंदिर का निर्माण धार्मिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने का माध्यम बनेगा।इस अवसर पर ग्राम प्रधान धर्मेंद्र यादव, जवाहर मद्धेशिया, सुभाष, हरिनारायण गुप्ता, राज पाठक, प्रेमचंद्र सहित सैकड़ों ग्रामीण, महिलाएं एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।