news-details

बदहाल सड़कों के खिलाफ महिलाओं का प्रदर्शन

You can share this post!

पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी । जिले में लोक निर्माण विभाग की बदहाल सड़कों और अधूरे निर्माण कार्यों को लेकर मंगलवार को महिलाओं ने विरोध प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में लाठी-डंडों के साथ पहुंची महिला किसानों ने अधिशासी अभियंता (XEN) कार्यालय का घेराव कर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने सड़कों की मरम्मत और निर्माण कार्यों में सुधार की मांग को लेकर विभाग को 15 दिन का अल्टीमेटम दिया और ज्ञापन सौंपा है।गौरीगंज में रीता सिंह जनकल्याण समिति के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया। समिति की अध्यक्ष रीता सिंह ने PWD की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि सड़कें केवल कागजों में बनाई जा रही हैं। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है, जिसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है।रीता सिंह ने बताया कि रायबरेली-सुल्तानपुर नेशनल हाईवे पर राजीव गांधी साइंस कॉलेज मोड़ से अमेठी को जोड़ने वाली सड़क पर बनी दो पुलिया सड़क के स्तर से काफी ऊंची-नीची हैं। इससे वाहन चालकों को अचानक तेज झटके लगते हैं। आरोप है कि यहां आए दिन बाइक सवार गिरकर घायल हो रहे हैं।महिला थाना गौरीगंज और जिला चिकित्सालय मोड़ पर भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए गए। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इन स्थानों पर महिलाओं, मरीजों और बच्चों की आवाजाही रहती है, लेकिन तेज रफ्तार वाहनों को नियंत्रित करने के लिए स्पीड ब्रेकर नहीं बनाए गए हैं।मुंशीगंज चौराहे पर भी तेज रफ्तार वाहनों के कारण हादसे का खतरा बने रहने का आरोप लगाया गया। भुसियांवा -रामगंज रोड लम्बे समय से पूर्ण है। बारिश के मौसम में भुसियांवा से लगभग दो किलोमीटर टड़वा तक सड़क जर्जर की स्थिति में है। सड़क पर बड़े बड़े गड्ढे बनें हुए हैं। रोज सड़क दुर्घटना के शिकार राहगीरों को होना पड़ रहा है। यही हाल ककवा अमेठी मार्ग पर पुलिस लाइन से पांच मीटर जर्जर हो चुकी है। आवागमन बाधित है।

मनीपुर-दुर्गभवानी मार्ग की हालत खराब
प्रदर्शनकारियों ने मनीपुर-दुर्गभवानी संपर्क मार्ग की बदहाली का भी मुद्दा उठाया। बताया गया कि इस मार्ग की पुलिया पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है और सड़क जगह-जगह गड्डों में तब्दील है। इससे ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही है।रीता सिंह ने विभाग को चेतावनी देते हुए कहा कि 15 दिनों के भीतर पुलिया को समतल कराने, आवश्यक स्थानों पर स्पीड ब्रेकर बनाने और जर्जर सड़कों की मरम्मत का काम शुरू नहीं किया गया तो समिति सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि आंदोलन के दौरान होने वाली किसी भी स्थिति की जिम्मेदारी PWD विभाग की होगी।