
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। बुधवार को कानपुर में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। सुबह तेज धूप और उमस से लोग परेशान रहे, लेकिन दोपहर बाद आसमान में बादल छाए और बारिश शुरू हो गई। बारिश से मौसम सुहाना हो गया। घाटमपुर समेत कई इलाकों में ओले भी गिरे। साकेत नगर में बारिश के दौरान एक पेड़ गिर गया, जिससे कुछ समय के लिए आसपास अफरा-तफरी की स्थिति रही।मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। बारिश के बाद पारा पहले ही दो से तीन डिग्री तक नीचे आया है, हालांकि नमी अधिक रहने के कारण उमस बनी रह सकती है।मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक उत्तर भारत में नया सक्रिय वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और ट्रफ लाइन बनी हुई है। नम हवाओं के कारण कानपुर मंडल में गरज वाले बादल बन सकते हैं और कहीं-कहीं बिजली चमकने के साथ तेज बौछार पड़ सकती है।अगले 24 से 48 घंटे तक कानपुर शहर, ग्रामीण क्षेत्र और आसपास के जिलों में हल्की बारिश, बूंदाबांदी और बौछार की संभावना है। सीएसए के अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान 32.6 और न्यूनतम 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। अधिकतम आर्द्रता 87 प्रतिशत रही।