news-details

बढ़े बिजली बिलों पर महिलाओं का प्रदर्शन, दफ्तर का घेराव

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Auraiya

स्मार्ट मीटर लगने के बाद बढ़े बिजली बिलों से परेशान महिलाओं ने शनिवार को बिजली विभाग कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। महिलाओं ने विभागीय दफ्तर का घेराव कर अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की और बढ़े हुए बिलों की जांच कर जल्द राहत देने की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान काफी देर तक कार्यालय परिसर में हंगामे जैसी स्थिति बनी रही।

प्रदर्शनकारी महिलाओं का आरोप था कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद उनके बिजली बिल पहले के मुकाबले कई गुना बढ़ गए हैं। उनका कहना था कि मीटर रीडिंग में गंभीर गड़बड़ी है, जिसके कारण गलत बिल भेजे जा रहे हैं। कई महिलाओं ने बताया कि पहले जहां सामान्य बिल आता था, वहीं अब अत्यधिक राशि जमा करने के नोटिस मिल रहे हैं।

महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि जब विभागीय कर्मचारी मीटर बदलने आए थे, तब उन्होंने इसका विरोध किया था, लेकिन उनकी आपत्तियों को नजरअंदाज कर जबरन स्मार्ट मीटर लगा दिए गए। अब उन्हीं मीटरों के कारण घर का मासिक बजट बिगड़ गया है और रोजमर्रा के खर्च प्रभावित हो रहे हैं।

बनारसीदास निवासी रेखा तिवारी और दयालपुर निवासी अनिता देवी सहित अन्य महिलाओं ने कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

मामले पर अधिशासी अभियंता सुनील कुमार ने कहा कि महिलाओं की शिकायतों को गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि एक महीने के भीतर सभी मामलों की जांच कर समस्याओं का निस्तारण कराया जाएगा। इससे प्रदर्शनकारियों को कुछ राहत मिली।