news-details

चीनी गोदामों पर प्रशासन की छापेमारी, स्टॉक की जांच

You can share this post!


पारदर्शी  विकास न्यूज़  अमेठी। चीनी की बढ़ती कीमतों के बीच अमेठी जिला प्रशासन ने जमाखोरी और कालाबाजारी के खिलाफ निगरानी बढ़ा दी है। शासन के निर्देश पर राजस्व, विपणन और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने तहसील अमेठी क्षेत्र में बड़े चीनी व्यापारियों के गोदामों और थोक प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। इस दौरान दो स्थानों पर चीनी के स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया गया। अधिकारियों ने गोदामों में उपलब्ध चीनी के स्टॉक के साथ स्टॉक रजिस्टर, खरीद-बिक्री के अभिलेख और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की। जांच के दौरान दोनों स्थानों पर चीनी का स्टॉक निर्धारित मानक के अनुरूप पाया गया। अमेठी कस्बे के गोपाल ट्रेडर्स के यहां जांच में 302 कुंतल यानी 604 बोरी चीनी मिली। वहीं माहेश्वरी ट्रेडर्स के प्रतिष्ठान पर 83 कुंतल यानी 166 बोरी चीनी का स्टॉक पाया गया।क्षेत्रीय विपणन अधिकारी हरिश्चंद्र प्रजापति ने बताया कि बढ़ती कीमतों को देखते हुए दो बड़े गोदामों की जांच की गई है। दोनों जगह स्टॉक मानक के अनुसार मिला। व्यापारियों को निर्धारित सीमा से अधिक चीनी का भंडारण नहीं करने की चेतावनी दी गई है। अधिकारियों ने कहा कि जमाखोरी या कालाबाजारी की पुष्टि होने पर संबंधित व्यापारी के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।