news-details

चौथे बड़े मंगल पर हनुमान मंदिरों में श्रद्धा का सैलाब

You can share this post!

 

पारदर्शी विकाश न्यूज़ लखनऊ। ज्येष्ठ माह के चौथे बड़े मंगल के अवसर पर मंगलवार को पूरे शहर में भक्ति और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला। भोर 4 बजे से ही हनुमान मंदिरों में घंटे-घड़ियाल और बजरंगबली के जयकारों की गूंज शुरू हो गई। अलीगंज प्राचीन हनुमान मंदिर, हनुमान सेतु, हनुमंतधाम, लेटे हुए हनुमान मंदिर, गुलाचीन और दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर समेत सभी प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। भक्तों ने दर्शन-पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की और हनुमान चालीसा व सुंदरकांड का पाठ किया।भीषण गर्मी और नौतपा के बावजूद भक्तों का उत्साह कम नहीं हुआ। हनुमान सेतु मंदिर परिसर में विशेष रूप से बड़े कूलर और फव्वारे वाले पंखे लगाए गए ताकि श्रद्धालुओं को राहत मिल सके। शहर के अलग-अलग इलाकों में 1000 से अधिक भंडारे आयोजित किए गए, जहां पूड़ी-सब्जी, बूंदी, चना, शरबत और लड्डू का प्रसाद वितरित किया गया। नगर निगम के अनुसार इस बार 320 आयोजकों ने आधिकारिक रूप से भंडारे के लिए रजिस्ट्रेशन कराया।दिनभर मंदिरों और भंडारा स्थलों पर भीड़ उमड़ती रही। कई स्थानों पर सेवा भाव के साथ पौधारोपण और धार्मिक आयोजन भी किए गए। एयरपोर्ट, पार्क, चौराहों और कॉलोनियों तक भंडारों की गूंज सुनाई दी। श्रद्धालुओं का कहना था कि बड़े मंगल का यह पर्व न केवल आस्था का प्रतीक है, बल्कि सेवा और समर्पण की भावना को भी मजबूत करता है। प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और स्वच्छता के पुख्ता इंतजाम किए थे, जिससे पूरा आयोजन शांतिपूर्ण और भव्य रूप से संपन्न हुआ।