
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। कल्याणपुर थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। छोटे भाई की शादी से पहले उसकी होने वाली सास को कपड़े खरीदने के बहाने कमरे पर बुलाकर दुष्कर्म करने और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता की शिकायत के अनुसार, आरोपी जीतपाल ने शादी से पहले महिला को अपने कमरे पर बुलाया और कोल्ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। आरोप है कि बेहोशी की हालत में उसने दुष्कर्म किया तथा आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना लिए। बाद में इन्हीं वीडियो को वायरल करने और शादी तुड़वाने की धमकी देकर वह महिला का लगातार शोषण करता रहा।शादी के बाद भी आरोपी की हरकतें जारी रहने पर पीड़िता ने परिजनों को पूरी घटना बताई। इसके बाद 6 मई को कल्याणपुर थाने में आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया।पुलिस जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद आरोपी को कई बार पूछताछ के लिए बुलाया गया, लेकिन वह फरार हो गया। बुधवार रात कल्याणपुर पुलिस ने उसे कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी मुंबई भागने की फिराक में था।
"पीड़िता की तहरीर पर दर्ज मुकदमे की विवेचना में आरोपों की पुष्टि होने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।" – एसएम कासिम आबिदी, डीसीपी वेस्ट