
पारदर्शी विकास न्यूज़ फर्रुखाबाद। जनता भारतीय इंटर कॉलेज भरखा में अग्निशमन विभाग की ओर से आग से बचाव और सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रभारी अग्निशमन अधिकारी प्रांशु अवस्थी ने छात्र-छात्राओं को आग लगने की स्थिति में सतर्कता बरतने और सही तरीके से बचाव करने की जानकारी दी।उन्होंने कहा कि आग लगने पर घबराने के बजाय तुरंत आसपास के लोगों को सूचित करना चाहिए और फायर सर्विस को कॉल करना चाहिए। विद्यार्थियों को बिजली के उपकरणों का सावधानी से उपयोग करने, गैस सिलेंडर सुरक्षित रखने और ज्वलनशील पदार्थों से दूरी बनाए रखने के बारे में बताया गया।कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने प्राथमिक अग्निशमन यंत्र का प्रयोग कर लाइव प्रदर्शन भी किया। छात्रों को फायर एक्सटिंग्विशर चलाने का तरीका समझाया गया। साथ ही बताया गया कि यदि कपड़ों में आग लग जाए तो ‘स्टॉप, ड्रॉप एंड रोल’ तकनीक अपनानी चाहिए, जिससे आग को तेजी से बुझाया जा सकता है।अधिकारियों ने कहा कि स्कूल, कॉलेज और अस्पतालों में अग्नि सुरक्षा के नियमों का पालन बेहद जरूरी है। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने भी सुरक्षा से जुड़े सवाल पूछे और जानकारी प्राप्त की।