news-details

डीएम ने स्कूल में बच्चों से पूछे गणित-अंग्रेजी के सवाल

You can share this post!


पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने गुरुवार को कंपोजिट विद्यालय धनी जलालपुर का औचक निरीक्षण कर शिक्षा की गुणवत्ता और बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने बच्चों से गणित-अंग्रेजी के सवाल पूछे, पुस्तकें पढ़वाईं और होमवर्क कॉपियां जांचीं। विद्यालय में छह शिक्षकों में पांच उपस्थित मिले। कुल 134 बच्चे नामांकित थे। डीएम ने कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देने और नियमित गृहकार्य देकर उसकी जांच करने के निर्देश दिए।निरीक्षण में बालक शौचालय बंद मिला और नल में पानी नहीं आ रहा था। आंगनबाड़ी केंद्र का आरओ भी पानी की टंकी न होने से बंद पाया गया। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को मरम्मत और पेयजल व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई और बच्चों को साबुन से हाथ धुलवाने पर भी जोर दिया। नवनिर्मित मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय का हैंडओवर तकनीकी और थर्ड पार्टी जांच के बाद ही करने के निर्देश दिए।