

पारदर्शी विकास ब्यूरो
कुशीनगर। उत्तर प्रदेश सरकार एवं उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा निर्माण श्रमिकों को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए रोजगार के अवसर सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से डिजिटल लेबर चौक मोबाइल ऐप की शुरुआत की गई है। इसकी जानकारी श्रम प्रवर्तन अधिकारी अलंकृता उपाध्याय ने दी।उन्होंने बताया कि यह ऐप निर्माण श्रमिकों, बिल्डरों, ठेकेदारों, निर्माण एजेंसियों एवं अन्य नियोजकों के बीच एक प्रभावी डिजिटल सेतु का कार्य करेगा। अब श्रमिकों को रोजगार की तलाश में लेबर चौक पर घंटों इंतजार नहीं करना पड़ेगा। वे अपने मोबाइल फोन के माध्यम से ऐप पर पंजीकरण कर अपनी उपलब्धता, कौशल, अनुभव एवं कार्यस्थल से संबंधित जानकारी साझा कर सकेंगे।श्रम प्रवर्तन अधिकारी ने बताया कि जनपद कुशीनगर के लगभग 2.43 लाख निर्माण श्रमिकों को इस पहल का लाभ मिलेगा। उन्होंने राजमिस्त्री, बेलदार, बढ़ई, प्लंबर, इलेक्ट्रीशियन, पेंटर, वेल्डर, हेल्पर सहित सभी निर्माण श्रमिकों से ऐप पर पंजीकरण कराने की अपील की। साथ ही बिल्डरों, ठेकेदारों, निर्माण एजेंसियों, उद्योग प्रतिष्ठानों, सरकारी एवं अर्धसरकारी विभागों तथा स्थानीय निकायों से भी अपनी श्रमिक आवश्यकता ऑनलाइन दर्ज करने का अनुरोध किया।उन्होंने बताया कि ऐप के माध्यम से नियोजकों को आवश्यकता के अनुरूप प्रशिक्षित एवं पंजीकृत श्रमिक आसानी से उपलब्ध होंगे, जबकि श्रमिक अपनी योग्यता के अनुसार रोजगार की जानकारी प्राप्त कर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। जीपीएस आधारित सुविधा से उन्हें निकटतम रोजगार अवसरों की जानकारी भी मिलेगी।ऐप पर श्रमिक अपना व्यक्तिगत विवरण, पहचान, कौशल, अनुभव, कार्य इतिहास एवं उपलब्धता दर्ज कर सकेंगे। इसके आधार पर नियोजक सीधे उपयुक्त श्रमिकों से संपर्क स्थापित कर सकेंगे, जिससे रोजगार उपलब्ध कराने की प्रक्रिया अधिक तेज, पारदर्शी और प्रभावी बनेगी। साथ ही श्रमिकों को उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगी।इसी क्रम में मंगलवार को पडरौना एवं कसया स्थित लेबर चौक पर श्रमिकों को डिजिटल लेबर चौक ऐप के बारे में जागरूक किया गया। इस दौरान श्रमिक अमित सिंह, गणेश एवं सुनील कुमार का ऐप पर पंजीकरण भी कराया गया।कार्यक्रम में सहायक लेखाकार संदीप मल्ल, वरिष्ठ सहायक रमेश राम सहित विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।